बुधवार, जनवरी 28, 2009

कंधे पर बेताल/बलराम अग्रवाल



गारा-मजदूरी करके थोड़ी-बहुत कमाई के बाद शाम को रूपलाल घर की ओर लौट रहा था। अपनी ही धुन में मस्त। बीड़ी सुट्याता हुआ।
रास्ते में, एक झाड़ी के पीछे से कूदकर एक लुटेरा अचानक उसके सामने आ खड़ा हुआ। रूपलाल अचकचा गया। लुटेरे ने उसको सँभलने का मौका नहीं दिया। छुरा चमकाकर गुर्राया_“जान प्यारी है तो जो कुछ पास में है, निकालकर जमीन पर रख दे, चुपचाप।
चेतावनी सुनकर रूपलाल ने एक नजर लुटेरे के चेहरे पर डाली, दूसरी उसके छुरे पर और अण्टी से निकालकर उस दिन की सारी कमाई जमीन पर रख दी।
अब भाग यहाँ से,” लुटेरा दहाड़ा,“पीछे मुड़कर देखा तो जान से मार डालूँगा।
रूपलाल पीछे पलटा और दौड़ पड़ा।
विक्रम!” यह कहानी सुनाने के बाद उसके कंधे पर लदे बेताल ने उससे पूछा, “सवाल यह है कि एक मेहनतकश होते हुए भी रूपलाल ने इतनी आसानी से अपनी कमाई को क्यों लुट जाने दिया? संघर्ष क्यों नहीं किया? डरकर भाग क्यों गया?”
बेताल!” विक्रम ने बोलना शुरू किया, “रूपलाल का लुटेरे के चेहरे और छुरे पर नजर डालना उसकी निडरता और बुद्धिमत्त्ता दोनों की ओर इशारा करता है। ऐसा करके वह कई बातें एक साथ सोच जाता है। पहली यह कि हर हाथापाई को संघर्ष नहीं कहा जा सकता। जोश के जुनून में ग़ैर-हथियार आदमी का किसी हथियारबंद आदमी से उलझ जाना उसकी मूर्खता भी सिद्ध हो सकता है। दूसरी यह कि भाग जाना हमेशा ही पलायन नहीं कहलाता। संघर्ष में बने रहने के लिए कभी-कभी आदमी का जिंदा रहना ज्यादा जरूरी होता है।
बिल्कुल ठीक।बेताल बोला, “उचित और अनुचित का विवेक ही मजदूर की असली ताकत होता है।...अब, अगली समस्या-कथा सुनो_”
अब बस करो यार! मेरा मौन टूट गया...” विक्रम बोला, “...अब कंधे पर से खिसको और अपने पेड़ पर उलटे जा लटको, जाओ।
किस जमाने की बात कर रहे हो विक्रम।बेताल बोला, “तुम अब आम आदमी हो गये हो, राजा नहीं रहे। इस जमाने में समस्याओं का बेताल तुम्हारे कंधे से कभी उतरेगा नहीं, लदा रहेगा हमेशा। तो सुनो_”
उफ!” विक्रम के मुँह से निकला और कंधे पर लदे बेताल समेत थका-हारा-सा वह वहीं बैठ गया।

कोई टिप्पणी नहीं: