मूर्तियों, मेवों, मिठाईयों, कैलेंडरों-तस्वीरों, खिलौनों, बर्तनों और गहनों से पटा पड़ा बाजार।
मिट्टी से बनाई लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को लेकर भरे-बाजार जमीन पर बैठी थी वह युवती। मूर्तियाँ जितनी सुन्दर, दयनीय हालत के बावजूद उतनी ही वह भी आकर्षक। बाजार का जायजा लेने को निकली पद्मा जी के कदम उसके पास रुक गये।
“बहुत सुन्दर!” उनके कंठ से निकला; पूछा, “नाम क्या है तुम्हारा?”
“धनतेअस कू भई…ऽ…सो धनवंती नाम रख दओ मात-पिता नै!” मुस्कुराते हुए उसने बताया। उसके दाँतों की अलौकिक-सी कान्ति देख अचम्भित रह गयीं पद्मा जी।
“शादी हो गयी?”
“सो तो बच्चापन मेंई…।” वह लजाई।
“मर्द क्या करता है?”
“वोऊ बैठे अँ सामने वारे ठीआ पै।” लजाते और मुस्कुराते हुए ही उसने इशारा करके बताया।
“उनका क्या नाम है?”
“वेऊ धनतेअस कू भए हे, सो धन्ना रख दओ विनके मात-पिता नै!” वह हँसी।
“बच्चे हैं?”
“एक मौड़ा एक मौड़ी, दो एँ जी…”
“वे भी धनतेरस को ही हुए होंगे!” मजाक के अंदाज में पूछा पद्मा जी ने।
“हन्जी!” धनवंती बोली। बिना झिझक, बिना तनाव।
“उनके क्या-क्या नाम रखे हैं?”
“मौड़ा कौ धन्नू औ’ मौड़ी कौ धनिया!”
“मतलब, धन ही धन है पूरे घर में!”
“हन्जी!” प्रशंसा पाकर धनवंती दोहरी होती-सी बोली।
“कमाई का यही साधन है?”
“ना जी; जे तौ ठाली परे कौ धंधौ अ।”
“इसके अलावा क्या करते हो?”
“ईंट थापत हैं भट्टा पै ! लच्छमी मैया की किरपा है जी। रहवे कू झोपड़ियाऊ मालिक लोगन्नै दै राखी अ।”
“संतोषी जीव हो!” पद्मा जी अपने आप में बुदबुदायीं।
“एक जोड़ौ दे दऊँ जिज्जी?” आशापूर्ण नजरों से देखते हुए धनवंती ने लक्ष्मी-गणेश की एक मूर्ति उनकी ओर बढ़ाई।
“सारी ले लूँ तो?” मुस्कुराकर पूछा पद्मा जी ने; और तभी, खरीदारों की भीड़-सी उस ठीये पर आ उमड़ी। आनन-फानन में सब मूर्तियाँ बिक गयीं।
पद्मा जी कब, किधर निकल गयीं, धनवंती ढूँढती-सी रह गयी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें