शुक्रवार, नवंबर 13, 2026

चल, खींच मेरी फोटो / बलराम अग्रवाल

इन दिनों बड़े बेटे के पास पिकरिंग, कनाडा में हूँ। आप कहीं भी रहें, देश तो हमेशा साथ ही रहता है। इन दिनों के हालात पर एक व्यंग्य 11-11-26 (भारत में तब तक 12-11-26 हो चुकी थी, समय सुबह के 09:00) की रात 22:30 बजे सीधे फेसबुक की अपनी वॉल पर लिख दिया था। आज प्रकाशित ‘विश्व केसरी’ के 14-11-26 अंक में इसे 'व्यंग्य केसरी' स्तम्भ में प्रकाशित करने के लिए साहित्यकार भाई गिरीश पंकज का आभारी हूँ।

 

'दैनिक विश्व केसरी', 14 नवम्बर, 2026, पेज 4
 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

चल, खींच मेरी फोटो

अभी, एक ऐसे जानकार का फोन आ गया जिससे अपने सितारे मेल खाते ही नहीं हैं। हाय-हैलो के बाद मैंने पूछा, “आज कैसे याद कर लिया भाई?”

बोला, “तुझे याद है, 70-80 के जमाने में यूपी बोर्ड का रिजल्ट अखबार में छपकर आता था?”

मैंने कहा, “हाँ, याद है!”

“और जिसके पास अखबार होता था, उसकी दुकान पर बड़ी धक्का-मुक्की चलती थी!”

“हाँ!”

“और रिजल्ट बताने से पहले, कोई पास हो या फेल, अखबार वाला फी रोल नम्बर पच्चीस पैसे लेता था!”

“हाँ!”

“बस, वो ही जमाना फिर से आ गया!” वह बोला।

“कैसे?” मैंने पूछा।

“भाई, कमाना या तो गुजराती जानते हैं या बनिया!”

“बात क्या हुई?”

“तू भी बनिया है, इसलिए रहा नहीं जा रहा तुझे बताए बिना!”

“हुआ क्या मेरे भाई, यह तो बता?”

“मेरे ऑफिस के पड़ोस में एक गुजराती का फोटो स्टुडियो है। पार्टी का ठेठ बंदा है!”

“किस पार्टी का?”

“समझ जा बस!”

“हुआ क्या?”

“हुआ ये कि आज सुबह से ही उसके स्टुडियो के बाहर लम्बी लाइन लगी हुई थी! लोग भीतर जा रहे थे और खुशी-खुशी बाहर आ रहे थे। मैंने सोचा, आज टैक्स या बिल आदि में किसी छूट के फार्म भरे जा रहे हैं क्या? पूछने के लिए मैंने उसको फोन मिला दिया। उसने क्या बताया, पता है?”

“क्या?”

“उसने कहा—फुरसत नहीं है, शाम के बाद बात करना! और फोन काट दिया!”

“फिर?”

“फिर मैं बाहर निकला! लाइन में लगे एक सफेदपोश से पूछा। उसने क्या बताया, पता है?”

“सफेदपोश से ही क्यों?”

“सब के सब सफेदपोश ही थे भाई, उनमें एक से पूछा। यह पूछ उसने क्या बताया?”

“क्या बताया?”

“कहा—कहीं से एक 'किताब' का जुगाड़ कर लाया है भाई! सुबह-सुबह, अपने ग्रुप में मैसेज डाल दिया—'किताब' खरीदने की जरूरत नहीं; उसके साथ फोटो खिंचवाएँ, फी फोटो मात्र 100 रुपए…! बस, उस मैसेज का ही कमाल है कि लाइन लगी हुई है!”

“यह घटिया बात बताने के लिए तूने मुझे क्यों फोन किया, यह बता?” मैंने झल्लाए स्वर में पूछा।

“अरे हाँ, तू तो नारंगी खटमल है, तुझे 'किताब' से क्या मतलब? यह बात मैं भूल ही गया था!” उसने बेशर्मी के साथ कहा और फोन काट दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: