फिरोजपुर-जनता एक्सप्रेस। तीन-चार वर्षीया पोती के साथ ग्रामीण जैसा वह बूढ़ा फिरोजपुर से ही उसमें बैठा आ रहा था।
तकरीबन पूरे खाली उस कूपे में कोटकपूरा से दो आधुनिकाएँ चढ़ीं। परस्पर अंग्रेजी में बतियाती। अपना सामान उन्होंने उन दोनों के साथवाली खाली जगह पर रखा और सामने वाली बेंच पर टिक गईं।
“कहाँ तक जाएँगे?” एक आधुनिका ने अंग्रेजी में बूढ़े से पूछा।
इस सवाल पर बूढ़ा और पोती, दोनों, पागलों-से उनकी ओर देखते बैठे रहे, जैसे कुछ समझ ही न आया हो।
“डफर हैं।” उन्हें अंग्रेजी न समझ पाता देख दूसरी ने भी अंग्रेजी में ही सहेली से कहा, “कोई खतरा नहीं, बात जारी रख।”
“औरत का खुद अपने शरीर पर ही अधिकार नहीं है! इस्तेमाल की छोड़, अपनी मर्जी से कहीं जा-आ तक नहीं कर सकती है…।” पहली तुरन्त ही अंग्रेजी में शुरू हो गयी, “औरतें भी उसे ‘कुलटा’ और ‘वेश्या’ कहने लगती हैं। रूबी! शरीर को जब तक औरत अपने चरित्र से जोड़कर देखना नहीं छोड़ेगी, गुलाम ही रहेगी मर्द की।… करती रहेगी आत्महत्या!”
“सही कहती है।” रूबी बोली, “हमारा न तन आजाद है, न मन।”
“चालाकी यह है कि इन दोनों आजादियों को मर्द ने अपनी मुट्ठी में रखा है।” रीटा बोली, “वह जब चाहे, जहाँ चाहे, जैसे चाहे शरीर का इस्तेमाल करता है। इसीलिए ताकतवर भी बन बैठा है और अक्लमंद भी।”
रेलगाड़ी धड़-धड़ करती अनेक स्टेशनों पर रुकती-चलती बढ़ रही थी। पूरब के आसमान में सुबह की लाली-सी दिखाई देने लगी थी। दूसरे डिब्बों की तरह सवारियाँ उसमें भी आतीं; लेकिन उन आधुनिकाओं ने सामान को कुछ ऐसे फैला रखा था कि आगे बढ़ जातीं। उनका वार्तालाप बहरहाल, निर्बाध चलता रहता। एकाएक बूढ़े ने हिन्दी में उनसे पूछा, “आप दोनों कहाँ तक जाओगी बेटी?”
“हम बौम्बे जा रही हैं अंकल।” उनमें से रीटा ने हिन्दी में ही जवाब दिया; फिर पूछा, “आप?”
“रौतत जन्छन।” इस बार तपाक से पोती बोली।
“रोहतक जंकशन!” उसके जवाब पर चहककर रीटा ने दोहराया; फिर पूछा, “स्कूल जाती हो?”
लड़की ने सिर्फ नकारात्मक गरदन हिलाकर जवाब दिया।
“उनसे मत उलझ…” बातचीत में व्यवधान से उत्तेजित रूबी ने अंग्रेजी में रीटा को टोका, “तू अपनी थ्योरी साफ कर।”
“देख भई, ” रीटा बोली, “सम्बन्ध अगर पैसे के दबाव में, हैसियत के दबाव में, नाते-रिश्तेदारों के बीच खानदान की नाक बचाने के दबाव में निभा रही है तो—पत्नी भी बलात्कार-पीड़ित ही है मेरी निगाह में तो।” यह कहते हुए उसने सामने बैठी बालिका को धीरे से खींच अपनी गोद में बैठाकर चूमा और उसके सिर पर हाथ फिराने लगी।
“इतना बलात्कार क्यों झेलती हैं औरतें, पता है?” अपनी बात को जारी रखती वह आगे बोली, “इसलिए कि वे गुलाम-योनियों से उपजती हैं… डरी हुई कोखों से।”
“उपजते तो मर्द भी उन्हीं से हैं!”
“नहीं, वे उपजते हैं… औरत के खिलाफ तानाशाह रवैयों से।” रीटा उत्तेजित स्वर में बोली।
“माफ करना बेटियो!” बात के बीच में ही बूढ़ा इस बार अंग्रेजी में बोला, “समाज के… और खुद के लिए भी, जितना बड़ा खतरा औरत का कैद होकर रह जाना है, उससे कहीं बड़ा खतरा खुद को बाजार की जरूरतों में ढाल लेना… लेन-देन की चीज बन जाना है। यही बात मर्द पर भी लागू होती है। बौम्बे जाना होता तो मैं चुपचाप वहीं तक आनन्द लेता आपकी बातचीत का, बीच में बिल्कुल न बोलता। लेकिन, रोहतक आने वाला है इसलिए… बोलना पड़ रहा है।”
उसे अंग्रेजी में बोलता सुन, दोनों लड़कियों के मुँह खुले के खुले रह गए। गाड़ी प्लेटफॉर्म पर जा रुकी थी। डिब्बे से उतरकर, पोती के साथ, वह प्लेटफॉर्म की भीड़ में समा गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें