मंगलवार, नवंबर 17, 2026

झन्नाटेदार किताब / बलराम अग्रवाल

दैनिक विश्व केसरी, 17 नवम्बर 2026, पेज 4

 हम दोनों एक ही मुहल्ले में पले-बढ़े थे। उम्र में मुझसे 1 साल बड़ा होने के नाते मुझे उसे ‘भाईसाहब’ संबोधित करना चाहिए था; लेकिन कक्षा 6 में फेल हो जाने के कारण दूसरे साल वह मेरा सहपाठी बन गया था। साथ-साथ स्कूल जाने और कक्षा में भी साथ-साथ बैठने के चलते निकटता बढ़ गयी। एक तरह से हम लंगोटिया यार बन गए। आपसी बोलचाल ‘तू’ पर आ टिकी। दूसरी बार भी फेल हो जाने के बाद उसके पिताजी ने पढ़ाई से मुक्त करके उसे कपड़े धोने का साबुन बनाने वाली फैक्ट्री में अपना हाथ बँटाने में लगा लिया।

घुटनों से नीचा खादी का ढीला-ढाला कुरता और कम मोहरी वाला पाजामा। ऐसी पोशाक वाले किशोरों और युवाओं से पुलिस वाले भी दूरी बनाकर चलते थे उन दिनों। उसने समय की नब्ज के अनुरूप पोशाक धारण कर ली।

फिर समय की चाल एकाएक बदल गयी। लम्बे वाले कुरते घर में पोंचा लगाने के लिए दे दिये गये। उनकी जगह घुटनों तक ऊँचे कुरते ने ले ली। सारे बदलाव झेले, लेकिन भाई ने पार्टी नहीं बदली। उसी के चलते अनेक बार नगर पार्षद भी चुना गया।

शहर में कोई महाविद्यालय नहीं था, अत: उच्च शिक्षा के लिए मुझे मामा के पास दिल्ली भेज दिया गया। नौकरी लग गयी तो दिल्ली का ही होकर रह गया। बीच-बीच में जब भी अपने घर जाता, उससे जरूर मिलता।

इस बार कई साल बाद घर जाना हुआ। शाम को उसके घर की ओर निकला तो वह मुझे रास्ते में ही मिल गया। बायें हाथ में मोटी-सी एक किताब थी जिसे बड़े जतन से उसने सीने से चिपकाया हुआ था।

“राम-राम भाई!” मुझे देखते ही वह बोला, “कब आया?”

“आज सुबह ही पहुँचा हूँ!” कहकर मैंने किताब की ओर इशारा किया, “कैसी किताब है?”

“बड़ी झन्नाटेदार किताब है भाई!” उसके आवरण को मेरी ओर घुमाकर उसने कहा, “अच्छे-अच्छों के होश ढीले कर दिए हैं!”

“पढ़ ली तैने?” मैंने पूछा।

व्यंग्य में पूछे मेरे इस सवाल पर किताब को पुन: सीने से चिपकाकर वह तुरन्त बोला, “अभी तो कार्यालय सै खरीदकै बस ला ही रहा हूँ!”

“कितने दिन में पढ़ डालैगा?” मैंने पूछा।

“मैं छठी फेल आदमी, पढ़ सकूँ हूँ इसै?” उसने साफ-साफ कहा, “जादा सै जादा भीतर के फोटू ही देख सकूँ हूँ पलटकै। निष्ठा दिखाने की खातिर खरीदनी पड़ गई है! रखी रहैगी रैक में।”

कोई टिप्पणी नहीं: