शनिवार, नवंबर 28, 2026

मन अनन्त में / बलराम अग्रवाल

 अम्माजी के बाद एकदम से बदल गए हैं बाबूजी। जहाँ बैठे हैं—बैठे रहेंगे, खड़े हैं...खड़े रहेंगे। देखना शुरू करेंगे तो हवा में पता नहीं कहाँ—देखे ही जाएँगे, एकटक। चिड़चिड़े इतने हो गए हैं कि किसी का बोलना तक बुरा लगने लगा है।”

खाना खाने को बैठे तपेन्द्र की थाली में रोटियाँ रखकर रोमा कुर्सी खिसकाकर पास ही बैठ गई; बोली, “बाहर जाएँगे तो पता नहीं किधर निकल जाएँगे। मैं तो उनसे कहूँ क्या...तुम हो कि दोस्तों से फुर्सत नहीं। सुबह-शाम कुछ देर उनके पास बैठ लिया करो। यार-दोस्त कहीं नहीं जानेवाले तुम्हें छोड़कर...दुःखी बाप को कुछ हो गया तो जिन्दगीभर का पछतावा...।”

“अब चुप भी कर।” हाथ में पकड़े कौर को मुँह में रखते-रखते तपेन्द्र बिगड़ उठा, “इधर से रोटियाँ रखती है, उधर से भेजा खाने लगती है...बेवकूफ कहीं की।”

“बेवकूफ तो मैं हूँ ही। दिनभर उन्हें देखती जो रहती हूँ।” रोमा बोली, “महीनेभर में ही कितने दुबले हो गए हैं, नजरें उठाकर उनकी ओर देखा है कभी?”

“नया-नया सुख और नया-नया दुःख आदमी के चेहरे पर गहरा दिखाई देता है।” वह पूर्व अन्दाज में बोला, “माँ को मरे महीनाभर ही हुआ है ना...धीरे-धीरे वह खुद नॉर्मल हो जाएँगे। जैसा चल रहा है, देखती जा, बस।”

रोमा ने आश्चर्यचकित होकर पति की ओर देखा। अभी तक उसे वह एक कठोर-हृदय व्यक्ति समझती थी लेकिन आज की बातों से तो वह हृदयहीन ही सिद्ध होता है।

“तुम समझते क्यों नहीं उनका दुःख...।” वह क्षुब्ध स्वर में बोली।

“दुःख!” वह तीखी हँसी हँसा, “कोई किसी के साथ जाता है क्या?”

“जाता है, साथ भी जाता है...।” कमरे के बाहर से बाबूजी का उग्र स्वर सुनकर अचानक वह बुरी तरह चौंक गया। अगले ही पल कमरे के भीतर भी घुस आए वह। उन्होंने घूरकर तपेन्द्र को देखा। आवेश के कारण उनका बदन काँपने-सा लगा था। ज्यादा देर तक खड़े न रह सके, जमीन पर ही बैठ गए। रोमा तो घबरा ही गई उनकी यह हालत देखकर। वह लपकी लेकिन हाथ के इशारे से उन्होंने उसे वहीं रुक जाने को कह दिया।

“एक के न रहने पर दूसरा उसके साथ चला जाता है बेटे।” कुछ देर बाद उन्होंने पुनः बोलना शुरू किया, “मुझे दुःख है कि परस्पर प्रेम और लगाव की वैसी जिन्दगी तूने नहीं जी।...यह सब-कुछ देख रहा है न—यह मकान, यह टी.वी., रेडियो, यह कूलर, यह फ्रिज...और यह डिनर टेबल जिस पर बैठकर तू इत्मीनान के साथ खा-पी रहा है—कुछ नहीं था जब तेरी माँ और मैं इस शहर में आए थे। ...तू तो पेट तक में नहीं था...घर में सम्पत्ति-बँटवारे के झगड़े के कारण चार चपातियाँ तक साथ नहीं लाए थे हम...।”

“बाबूजी...आप उठकर बिस्तर पर बैठ जाइए बाबूजी।” उनके पास पहुँचकर रोमा हठात् उन्हें उठाती हुई बोली।

“नहीं...सुख के दिन अब नहीं रहे बेटी।” रोमा के हाथों से अपनी बाँह को छुड़ाते हुए वह जोर से रो पड़े, ‘‘अपनी जिन्दगी के पेज हमने कभी खोले नहीं किसी के आगे...लेकिन आज उन्हें बाँच लेने दे।...रात के दो बजे हम रेल से उतरे। शहर से कोसों दूर जंगली इलाके में था स्टेशन। शहर भी आज जितना असीम नहीं, सिमटा हुआ था, कछुए की तरह। बेहद खौफ और वीरानगी के बीच, एक लोई में खुद को लपेटे रातभर हम प्लेट-फार्म पर बैठे रहे। स्टेशन मास्टर भला आदमी था...बातचीत करके सवेरे अपने दफ्तर का एक कोना उसने हमें दे दिया, बोला कि कहीं और इन्तजाम होने तक यहाँ रुको।...दुनियादारी से बहुत दूर पहाड़ी गाँव में पली, कच्ची उम्र की उस हिरनी को विवश-मन से वहीं पर छोड़कर रोजी की तलाश में मैं शहर चला जाता। क्या तू महसूस कर सकता है कि उस पूरे दिन वह मेरे साथ ही रहती और मैं पल-पल उसके पास।“ बोलते-बोलते वह उठकर खड़े हो गए और कमरे से बाहर की ओर चल दिए—”...और अब भी, सिर्फ यह शरीर ही उसके साथ नहीं जा पाया है बेटे...आत्मा तो गई। मुझ पर नजर मत रख बहू...जैसा भी हूँ, मैं ठीक हूँ। मुझ पर...।”

चरित्र, प्रेम और नैतिकता—नशाखोरों की दुनिया से दूर की बातें हैं। घृणापूर्वक रोमा ने सिर झुकाए बैठे पति की ओर देखा और दौड़कर बाबूजी के चरण पकड़ लिए। सुबकते हुए बोली, “कहीं न जाइए...हमें माफ कर दीजिए बाबूजी...हमें...।”

बाबूजी निस्पन्द खड़े रहे। जैसे कुछ सुन ही न रहे हों। वह दूर अनन्त में कहीं देख रहे थे। साँसें तेज हो गई थीं, जैसे अनन्त में ही पहुँच जाना चाहती हों।

कोई टिप्पणी नहीं: