“इस समय हम जहाँ से गुजर रहे हैं, किसी समय वहाँ नदी बहा करती थी।”
“सच में?”
“और यह रास्ता जिस बड़े रेगिस्तान में जाकर मिलता है, जानती हो वह क्या था?”
“क्या?”
“समुद्र।”
“ओ...ऽ...!”
“हम उन दिनों साइबेरिया से आया करते थे यहाँ। चहल-कदमी किया करते थे नदी के किनारे-किनारे दूर तक। पास के खेतों और जंगलों में रात बिताते थे और... ”
“खेत और जंगल भी थे यहाँ!!!”
“बहुत-कुछ था जो अब नहीं है। आँखों में भर लो इस दृश्य को; अगली बार...अगली बार आओगी तो उँगलियों में उँगलियाँ फँसाकर घूम नहीं पाओगी इस तरह। धरती की सतह को लील चुके होंगे जहरीले रसायन।”
“तब?”
“स्पेस सिटी में रह रहे होंगे लोग, जीव-जन्तु, सब। छोटे-छोटे कैप्सूल्स में बन्द होकर तैरा करेंगे अकेले। बिना उसके, धरती के वायुमंडल में प्रवेश करते ही गल जाया करेंगी काया।”
“ओह, नहीं।”
“सुनो प्रिया! लोग अगर गर्भ में ही मारते रहेंगे नदियों को। बहने नहीं देंगे उन्मुक्त। तो सोचो—बचा-खुचा सागर भी जिएगा किसके लिए? वह नहीं बचेगा तो बादलों से वंचित रह जाएगा आकाश... जहरीली हवाएँ कर लेंगी उस पर कब्जा। नदियों को बचाना होगा गर्भ में नष्ट होने से, बचाना है अगर धरती को जैविक युद्ध से।”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें