“उधर से तेरे दादा निकलते थे और इधर से मैं...”
दादी सुनाना शुरू किया। किशोर पौत्री आँखें फाड़कर उसकी ओर देखती रही—एकदम निश्चल; गोया कहानी सुनने की बजाय कोई फिल्म देख रही हो।
“लम्बे कदम बढ़ाते, करीब-करीब भागते-से, हम एक-दूसरे की ओर बढ़ते... बड़ा रोमांच होता था।” यों कहकर एक पल को वह चुप हो गयीं और आँखें बंद करके बैठ गयीं।
बच्ची ने पूछा—“फिर?”
“फिर क्या! बीच में समंदर होता था—गहरा और काला...!”
“समंदर!”
“हाँ... दिल ठाठें मारता था न, उसी को कह रही हूँ।”
“दिल था, तो गहरा और काला क्यों ?”
“चोर रहता था न दिल में... घरवालों से छिपकर निकलते थे!”
“ओ...ऽ... आप भी?”
“...और तेरे दादा भी।”
“फिर?”
“फिर, इधर से मैं समंदर को पीना शुरू करती थी, उधर से तेरे दादा...! सारा समंदर सोख जाते थे हम; और एक जगह जा मिलते थे।”
“सारा समंदर!! कैसे?”
“कैसे क्या...ऽ... जवान थे भई, एक क्या सात समंदर पी सकते थे!”
“मतलब क्या हुआ इसका?”
“हर बात मैं ही बतलाऊँ! तुम भी तो दिमाग के घोड़ों को दौड़ाओ कुछ।”
दादी ने हलकी-सी चपत उसके सिर पर लगाई और हँस दी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें