शनिवार, नवंबर 28, 2026

काली रेत / बलराम अग्रवाल

“हाँ बबुआ, कल कुछ कह रहे थे…?” अलाव की जड़ में फूँक मारते हुए मंगलू ने सवाल किया। 8-10 लोग अलाव को घेरे बैठे थे। पता नहीं चला, सवाल किससे हुआ है।

20-30 मजदूरों ने बरगद के एक घने पेड़ के नीचे अस्थाई ‘टेक’ बनाई हुई है। इनमें से सुबोध 3-4 दिन पहले ही यमुना किनारे, नगर निगम के एक पार्क में दिहाड़ी माली की नौकरी पर लगा है।

मंगलू अस्सी पार कर चुका है। वह यहीं रहकर दूसरे रहवासियों के छोटे-मोटे सामान की रखवाली करता है और चाय-पानी किस्म की खुली दुकान भी चलाता है।

“तुम्ही से पूछ रहा हूँ!” अलाव सुलग चुका तो गरदन उठाकर वह सुबोध से मुखातिब हुआ।

“आज भी वही-सब मिला…” जवाब में सुबोध एकाएक बोला, “जगह-जगह काली रेत की ढेरियाँ!”

“तो?”

“नेवलों की करतूत लगती है।” सुबोध ने कहा, “इंजीनियर से कहकर जमीन के भीतर कैप्सूल दबवाने पड़ेंगे।” कहकर वह बुदबुदाया, “रोज-रोज कहाँ तक उन्हें छितराऊँगा!”

“जिस पारक में काम पर लगे हो न बेटा, उसमें पचासों साल पहले काम करके छोड़ चुके हैं हम… चूहा और नेवला मारने की दवाई के डिरम के डिरम इन हाथों से सरका चुके हैं…”

“कमाल है!” सुबोध के मुँह से निकला।

“कमाल ये नहीं है, ” मंगलू त्यौरियाँ चढ़ाकर बोला, “कमाल तो वो था, जो हो चुका।”

“क्या हो चुका?”

“राजा सगर का नाम तो सुना ही है?” उसने बताना शुरू किया, “चक्करवर्ती बनने के चक्कर में अनगिनत लड़ाइयाँ लड़ीं उसने। लक्खों सिपाही दूसरी सेनाओं के मारे, तो हजारों अपने भी मरे ही होंगे?”

“जरूर।”

“उनमें से किसी एक की भी मुक्ति के लिए उसका दिल पसीजा हो, हमने तो नहीं सुना कभी। लेकिन जब अपने खुद के लाल भसम हुए, तो उनकी मुक्ति के लिए फड़फड़ा उट्ठा।” इतना कहते हुए मंगलू तनिक रोषभरी आवाज में बोला, “दुक्ख क्या होता है, शोक किसे कहते हैं, राजा लोगों को तभी पता पड़ता है, जब अपना कोई मरे!”

“हाँ… लेकिन उसका इस रेत से… ?”

“है न!” मंगलू ने कहा, “अपनी औलाद की मुक्ति के लिए तो सगर ने बेटा, पोता, परपोता सब लगा दिये—गंगा लाओ, गंगा लाओ। गरीब सिपाहियों का क्या किया? एक के ऊपर एक, ढेर लगाया और फूँक डाले!”

आसपास बैठे लोग हैरत से उसका मुँह ताकते रह गये।

“भगीरथ गंगा को लाये।” मंगलू ने बताना जारी रखा, “अपने पूरवजों की राख तो मैया के हवाले कर, डलवा दी समन्दर में। तार दिये सब के सब!! लेकिन गरीब मजदूरों की भस्मी? उसकी तरफ ध्यान गया कभी?”

“गरीब मजदूर मतलब?” एक अन्य पूछ बैठा।

“सिपाही भी मजदूर ही थे न बेटा… हमारी-तुम्हारी तरह। हमारे हाथों में कुदाल-फावड़ा है, उनके हाथों में तीर-तलवार थे।” वह उत्तेजित आवाज में बोला, “ये जितने भी हरे-भरे पारक और ऊँची-ऊँची इमारतें हैं न! सब उनकी भस्मी पर ही खड़ी हैं।”

“हाँ, लेकिन… ये काली रेत, जो रोज-रोज जमीन के ऊपर आ जाती है?” सुबोध ने पूछा।

“रेत नहीं है, भस्मी है पुरखों की।” मंगलू ने कहा, “जमना मैया की रेत में समाकर एक हो गयी है।” फिर उत्तेजित अंदाज में बोला, “जिसे मुक्ति नहीं मिलेगी, वजूद दिखाने को ऊपर आयेगा कि नहीं? उसे छितराने में ताकत मत बरबाद करो। आज छितराओगे, कल सुबह फिर… कल छितराओगे… अगली सुबह फिर… । सन् 47 में दिल्ली आया था बबुआ; तभी से देख रहा हूँ यह खेल।”

कोई टिप्पणी नहीं: